चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन: मुगलसराय में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 शातिर गिरफ्तार; चोरी के रुपयों से खरीदी वेन्यू कार बरामद - PURVANCHAL CRIME

Breaking

Home Top Ad

बुधवार, 16 सितंबर 2026

चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन: मुगलसराय में अंतर्जनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, 8 शातिर गिरफ्तार; चोरी के रुपयों से खरीदी वेन्यू कार बरामद

मुगलसराय पुलिस व स्वाट टीम ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह के 8 सदस्यों को दबोचा। ₹3.50 लाख कैश, जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक्स और वेन्यू कार बरामद।

चंदौली पुलिस और स्वाट टीम की गिरफ्त में खड़े चोर गिरोह के सदस्य और बरामदगी का सामान

पूर्वांचल क्राइम / चंदौली। जनपद चंदौली में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना मुगलसराय पुलिस, स्वाट (SWAT) और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। टीम ने बंद मकानों को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतर्जनपदीय/अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से ₹3.50 लाख नकद, सोने-चांदी के जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक सामान और चोरी के पैसों से खरीदी गई लग्जरी वेन्यू कार सहित एक ऑटो रिक्शा बरामद किया गया है।


नाच घर के पास चल रहा था बंटवारा, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, मुगलसराय थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह और सर्विलांस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि इंडियन इंस्टीट्यूट नाच घर के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति सफेद रंग की वेन्यू कार और ऑटो रिक्शा के पास खड़े होकर चोरी के माल के बंटवारे की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी की और मौके से सभी 8 अभियुक्तों को धर दबोचा।


दिन में रेकी, रात में धावा: दर्जनों वारदातों को दे चुके हैं अंजाम

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे दिन के समय सूने और बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे। रात होते ही ताला तोड़कर नगदी व कीमती सामान समेट लेते थे और उसे आपस में बांटते थे। इस गिरोह ने मुगलसराय, चंदौली और बलुआ थाना क्षेत्रों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व से ही एक दर्जन से अधिक चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।


गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण


प्रशांत सोनी उर्फ बाबू सेठ (30 वर्ष), निवासी सर्कस रोड, मुगलसराय


विशाल भारती (31 वर्ष), निवासी हनुमानपुर शाहकुटी, मुगलसराय


रहमान उर्फ आंखी (24 वर्ष), निवासी काशीराम आवास चतुर्भुजपुर, मुगलसराय


राजेश सिंह (19 वर्ष), निवासी जायसवाल स्कूल के पास, मुगलसराय


अनिल गुप्ता (19 वर्ष), निवासी काली महाल सहजौर रोड, मुगलसराय


दीपक जायसवाल उर्फ रवीन्द्र (35 वर्ष), निवासी ग्राम महेवा, अलीनगर


तुषार वर्मा (23 वर्ष), निवासी कसाब महाल / तुषार ज्वेलर्स, मुगलसराय


लकी जायसवाल (20 वर्ष), निवासी गल्ला मण्डी, मुगलसराय


बरामदगी का विवरण


नगदी: कुल ₹3,50,000 नकद (तुषार वर्मा से ₹1 लाख, प्रशांत व विशाल से ₹50-50 हजार, अन्य से ₹30-30 हजार)


जेवरात: 02 जोड़ी चांदी की पायल, 03 मीना (सफेद धातु), 01 सोने की अंगूठी, 01 कान की बाली


इलेक्ट्रॉनिक्स व अन्य: 02 डेल लैपटॉप, 01 सोनी एलईडी टीवी, 01 इंडेन गैस सिलेंडर, कुल 11 मोबाइल फोन


वाहन: वेन्यू कार (UP67AB8628 - चोरी के रुपयों से खरीदी गई) एवं ऑटो रिक्शा (UP65JT0599)


पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।