नाबालिग छात्रा के अपहरण और बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में बड़ी सफलता
48 घंटे में बरामद हुई थी किशोरी, फरार चल रहे आरोपी को पटना से दबोचा
नालंदा निवासी अनुज कुमार पर SC/ST एक्ट समेत BNS की धाराओं में कानूनी शिकंजा
पूर्वांचल क्राइम (चंदौली चीफ ब्यूरो दिवाकर राय): जनपद चंदौली में अपराध की रोकथाम एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना सकलडीहा पुलिस टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर और शादी का झांसा देकर भगा ले जाने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस टीम ने बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है।
विसुनपुर कला गांव से जुड़ा है मामला
घटना के संबंध में प्राप्त विवरण के अनुसार, बीते 12 अगस्त 2026 को थाना सकलडीहा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम विसुनपुर कला से एक नाबालिग लड़की अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति द्वारा शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर स्थानीय थाने पर मु0अ0सं0 165/2026, धारा 137(2)/87 बीएनएस (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
48 घंटे में बरामदगी के बाद से फरार था अभियुक्त
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सकलडीहा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और सर्विलांस व मुखबिर तंत्र की मदद से घटना के 48 घंटे के भीतर नाबालिग लड़की को पटना (बिहार) से सकुशल बरामद कर लिया था। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।
पीड़िता के न्यायालय में दर्ज बयानों और साक्ष्यों के संकलन के बाद मुख्य आरोपी की पहचान अनुज कुमार पुत्र कृष्णनन्दन शाह (निवासी ग्राम बसनियाव, थाना गोखुलपुर, जनपद नालंदा, बिहार) के रूप में हुई। घटना के बाद से ही आरोपी लगातार ठिकाने बदल-बदल कर फरार चल रहा था।
पटना के चौक थाना क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
उच्चाधिकारियों के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष सकलडीहा भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को चौक थाना क्षेत्र, पटना (बिहार) से धर दबोचा। पुलिस ने मामले में धारा 3(5)v SC/ST एक्ट की बढ़ोत्तरी करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
नाम व पता: अनुज कुमार पुत्र कृष्णनन्दन शाह, निवासी ग्राम बसनियाव, थाना गोखुलपुर, जनपद नालंदा (बिहार)।
उम्र: लगभग 21 वर्ष।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
उ0नि0 अजय कुमार शर्मा, थाना सकलडीहा, जनपद चन्दौली।
का0 अभिषेक सिंह, थाना सकलडीहा, जनपद चन्दौली।
का0 देवेन्द्र मौर्य, थाना सकलडीहा, जनपद चन्दौली। आगे पढ़े चंदौली क्राइम की पूरी खबरें

